रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग के तत्लानागपुर के ग्राम पंचायत सारी के राजस्व ग्राम झालीमठ में भूस्खलन से दो गौशाला व दो शौचालय जमींदोज हो गए हैं। जबकि कई मकानों में दरारें आई हैं।  दो परिवारों को प्रशासन ने प्राथमिक विद्यालय में शिफ्ट कर दिया है। नौ परिवारों ने घर छोड़कर दूसरों के घरों में शरण ली है।
रविवार सुबह लगभग नौ बजे झालीमठ तोक में कावरी गाड़ से लगी पहाड़ी एकाएक टूट गई। पहाड़ी से गिरे मलबे के साथ ही दो गौशाला व दो शौचालय  कावेरी में समा गए। दो आवासीय मकानों पर जगह-जगह दरारें पड़ गई। भूस्खलन  से  9  आवासीय मकानों को भी खतरा पैदा हो गया है, जिससे ग्रामीण भयभीत हैं।

तहसीलदार मंजू राजपूत ने राजस्व विभाग के अधिकारी कर्मचारियों के साथ प्रभावित झालीमठ का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि भूस्खलन से हरेंद्र कुमार और बीरेंद्र कुमार पुत्र रज्जी लाल की गौशाला व शौचालय जमींदोज हो चुका है। दोनों परिवारों को स्थानीय प्राथमिक विद्यालय में शिफ्ट कर दिया गया है। जबकि वीरेश चंद्र, उमेश चंद्र, रमेश चंद्र, दिनेश, प्रेम लाल, धीरज लाल सहित 9 लोगों के मकानों के लिए खतरा बना हुआ है। इन सभी परिवारों के 67 सदस्यों ने गांव में ही अपने सगे-संबंधियों के यहां शरण ली है। बिना बारिश के ही पहाड़ी दरकने की घटना से ग्रामीण भयभीत हैं।