पिथौरागढ़। 2022 के विधान सभा चुनाव के परिणाम बृहस्पतिवार को आएंगे। जिले की चार विधान सभाओं में कुल 28 प्रत्याशी मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होने में कुछ ही घंटे बाकी हैं। पिथौरागढ़ पीजी कालेज में मतगणना होगी। जिले की चार विस सीटों में से छठी बार चुनाव मैदान में उतरे कैबिनेट मंत्री बिशन स‌िंह चुफाल की मौजूदगी से डीडीहाट सीट पर सबकी नजर टिकी हुई है। इस सीट पर भाजपा के बिशन ‌सिंह चुफाल, कांग्रेस के प्रदीप पाल और निर्दलीय किशन सिंह भंडारी के बीच बेहद कड़ा त्रिकोणीय मुकाबला है।
जिले की धारचूला विधानसभा सीट में कांग्रेस से हरीश ‌सिंह धामी, भाजपा से धन सिंह धामी, सपा से मंजू देवी, आम आदमी पार्टी से नारायण सोराड़ी, उक्रांद से रमेश सिंह थलाल, बसपा से गोविंद राम, जीवन सिंह ठाकुर और कैलाश सिंह बतौर निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। डीडीहाट विधान सभा सीट में भाजपा से बिशन सिंह चुफाल, कांग्रेस से प्रदीप पाल, आप से दीवान सिंह, सपा से सुरेंद्र सिंह गुरुंग, यूकेडी से गोविंद सिंह,  किशन सिंह भंडारी और अनिल सिंह निर्दलीय उम्मीदवार हैं। पिथौरागढ़ विधानसभा सीट में भाजपा से चंद्रा पंत, कांग्रेस से मयूख महर, सपा से वीरेंद्र सिंह, आप से चंद्र प्रकाश पुनेड़ा, बसपा से खुर्शीद अहमद, आजाद पार्टी से कार्तिक टम्टा और  नितिन मारकाना बतौर निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। गंगोलीहाट विधान सभा सीट में भाजपा से फकीर राम टम्टा, कांग्रेस से खजान गुड्डू, यूकेडी से हरी प्रसाद, आप से बबीता चंद्र, सपा से बलराम और बसपा से रेखा मैदान में हैं। किसके सिर ताज सजेगा इसको लेकर बुधवार को दिन भर लोगों में चर्चा होती रहीं। मतगणना को देखते हुए जिले भर से उम्मीदवारों के समर्थक जिला मुख्यालय पहुंच गए हैं।