पिथौरागढ़। गणाई गंगोली क्षेत्र में एक महिला पुल से कूद गई। राजस्व पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को गणाई गंगोली के उडेड़ा गांव निवासी जोगा राम और उसकी पत्नी करिश्मा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद करिश्मा तेजी से दौड़ती हुई सड़क पर आई। पीछे से पति उसे रोकने के लिए पुकारता रहा इसी बीच महिला ने ग्वाड़ी पुल से नीचे छलांग लगा दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची राजस्व टीम ने मृतका का शव तालाब से निकालकर पंचनामा भरा।

तहसीलदार चंद्र सिंह हरकोटिया ने बताया कि मृतका का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक की पूछताछ में पति-पत्नी के आपसी विवाद के बाद महिला के छलांग लगाने की बात सामने आ रही है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। मृतका के दो मासूम बच्चे हैं। इस घटना के बाद से दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर मृतका के मायके पक्ष ने उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए बुधवार को एसडीएम को तहरीर सौंपने की बात कही है।