हल्द्वानी/धारचूला। दिलिंग दारमा सेवा समिति ने सीमान्त घाटी के मूलभूत सुविधाएं सड़क, संचार, स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर हरि प्रिया बैंकट हॉल हल्द्वानी में आम बैठक का आयोजन किया गया। सेवानिवृत्त आईजी पुलिस मोहन सिंह बनग्याल समिति के महासचिव चुने गए। इस अवसर पर दारमा घाटी के प्रस्तावित डेम का विरोध किया गया। फल सिंह बोनाल की अध्यक्षता और कृष्ण सिंह नगन्याल के संचालन में आयोजित बैठक के मुख्य अतिथि सुंदर सिंह बोनाल थे।इस अवसर पर कार्यकारिणी के रिक्त पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। मोहन सिंह बनग्याल रिटायर्ड आईजी पुलिस को महासचिव, ललित सिंह ग्वाल सचिव (शहरी), पुष्पा दुग्ताल सांस्कृतिक सचिव, नैन सिंह दुग्ताल क्रीड़ा सचिव शहरी, जयेन्द्र सिंह फिरमाल क्रीड़ा सचिव, जीवन सिंह दुग्ताल संपादक, चन्द्र सिंह सीपाल सह सम्पादक, नरेन्द्र सिंह ग्वाल ऑडीटर, मनोज सिंह दुग्ताल ऑडीटर नियुक्त किए गए।बैठक से पूर्व विगत वर्ष कोरोना में बिछुड़े सदस्यों पूर्व महासचिव स्वर्गीय जगत सिंह दताल, स्वर्गीय डॉ गगन सिंह सोनाल, स्वर्गीय लाल सिंह बंग्याल, केवी प्रिंसिपल स्वर्गीय किशन सिंह दुग्ताल को दो मिनट का मौन रखकर श्रंद्धाजलि दी गई। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एजेंडा के सभी मुद्दों पर चर्चा की और बहुमूल्य सुझाव भी दिए। ह्या गबला देवस्थान के सुधार एवं सौंदर्यीकरण पर विचार व्यक्त किया गया। दांतू मेला आयोजन एवं मेला में प्रयुक्त सामग्रियों के रखरखाव पर भी चर्चा हुई।आपदा के दृष्टिगत रोजगार तकनीकी,जैविक कृषि उत्पादन एवं विपणन पर चर्चा हुई। संभावित पर्यटकों  के दृष्टिगत पर्यटन  को प्रोत्साहन पर विचार, विगत वर्ष अतिवृष्टि से खराब हुए सड़क मार्ग के सुधार तथा दारमा को जोड़ने वाली सड़क से संबंधित अन्य मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। दारमा  क्षेत्र में प्रस्तावित  डैम पर चर्चा करते हुए अधिकांश सदस्यों ने प्रस्तावित डैम निर्माण का विरोध दर्ज करने का प्रस्ताव रखा। अंत मे सभाध्यक्ष तथा मुख्य अतिथि ने अपने आशीर्वचनों से सभी का हौंसला बढ़ाया। कृष्ण सिंह नगन्याल ने सभी का आभार जताया।