पिथौरागढ़। 55वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, पिथौरागढ़ द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में नागरिक कल्याण कार्यक्रमों के अंतर्गत निरंतर रूप से स्वास्थ्य सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में निवास करने वाले पशुपालकों को उनके पशुओं हेतु समुचित चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराना तथा पशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसी क्रम में दिनांक 03 फरवरी, 2026 को वाहिनी के कार्यक्षेत्र अंतर्गत सीमावर्ती गाँव में पशु चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर के दौरान डॉ. पूजा फर्स्वान, उप- कमांडेंट (पशुचिकित्सा), क्षेत्रक मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, अल्मोड़ा द्वारा द्वारा सीमा चौकी, द्वालिसेरा के अंतर्गत स्थित वाइब्रेंट गाँव द्वालिसेरा में मवेशियों की स्वास्थ्य जाँच की गई तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। इस पशु चिकित्सा शिविर से कुल 116 मवेशी एवं 25 पशुपालक लाभान्वित हुए। स्थानीय ग्रामीणों ने सशस्त्र सीमा बल द्वारा संचालित इस प्रकार के जनहितकारी एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। सशस्त्र सीमा बल सीमावर्ती क्षेत्रों में निवास करने वाले स्थानीय नागरिकों के बीच विश्वास, सहयोग एवं सौहार्द की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस प्रकार के नागरिक हितैषी कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करता आ रहा है। समाचार पत्र में प्रकाशन हेतु प्रेषित।