पिथौरागढ़। आज सुबह 11 बजे थल के रामगंगा नदी के कैलुबगड़ नामक स्थान में अपने मामा अमन कुमार और अन्य दोस्त हिमांशु कुमार और अमित कुमार के साथ गए पिथौरागढ़ वड्डा के भरड़खेत निवासी 22 वर्षीय अनिल राम पुत्र दानी राम की भंवर में फंसने से मौत हो गई।

मृतक अनिल राम और उसका मामा अमन दोनों एक साथ चंडीगढ़ में प्राइवेट नौकरी करते हैं। दोनों आज सुबह दिल्ली से सुबह 10 बजे अपने दीदी हीरा देवी के घर थल के डनौला गांव में पहुंचे थे। घर में सभी लोग खेत में होने से ये दोनों मामा भांजा गांव  के पास ही रामगंगा नही में नहाने के लिए चले गए। मृतक अनिल तैरना नहीं जानता था। नहाते समय भंवर में फंसकर वह डूब गया। हो हल्ला होने पर गोल गांव के दो युवक खेत में काम कर रहे थे। उन्होंने उसे पानी से बाहर निकाला। डूबे मृतक अनिल को अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोचर ले जाया गया। जहां चिकित्साधिकारी डॉ.अतुल यादव ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचकर थल थाने के थानाध्यक्ष हीरा सिंह डांगी ने शव को कब्जे में लेकर उसका पंचनामा भरकर कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। थानाध्यक्ष हीरा सिंह ने बताया मृतक के परिजन को घटना की सूचना दे दी गई है। इस घटना से परिजन गहरे सदमे में हैं।