उत्तरकाशी। उत्तराखंड में बस हादसे में 26 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। बताया जा रहा है कि बस में चालक परिचालक के अलावा 28 यात्री सवार थे। एसडीआरएफ और पुलिस द्वारा खाई में पड़े शवों को निकाला जा रहा है। सभी यात्री मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार को नौगांव उत्तरकाशी यमुनोत्री हाईवे पर डामटा रिखाऊं के पास एक यात्री बस खाई में गिर गई। बस में 30 लोग सवार थे। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल भेजा गया। हादसे में 26 यात्रियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। जिनकी शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। चार घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर ‌सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।