बागेश्वर। कपकोट के गोगिना गांव में नहाने के दौरान तालाब में डूबे चौथे किशोर का शव भी बरामद हो गया है। तीन किशोरों के शव सोमवार को ही निकाल लिए गए थे।

कपकोट तहसील के गोगिना गांव में सोमवार की सुबह हृदय विदारक घटना हुई। घरों से नाश्ता करने के बाद चार किशोर नहाने के लिए स्थानीय पर्थी गधेरे की तरफ चले गए। जिसमें तीन बच्चे हल्द्वानी में पढ़ते हैं। वह अवकाश पर इस बीच घर आए थे। जबकि एक अन्य स्थानीय किशोर भी उनके साथ नहाने चला गया था। गधेरे में बने तालाब में चारों डूब गए। जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने तीन किशोरों अभिषेक सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह रौतेला,17 वर्ष, अजय सिंह पुत्र नारायण सिंह रौतेला, 16 वर्ष, सुरेश सिंह उर्फ पंकज पुत्र दुर्गा सिंह, 13 वर्ष का शव निकाल लिया गया था। जबकि विक्रम सिंह पुत्र नारायण सिंह, 14 वर्ष का शव खोजबीन कर एसडीआरएफ ने काफी मशक्कत के बाद मंगलवार की सुबह निकाला। चार किशोरों की डूबने से हुई मौत से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।