पिथौरागढ़। नेशनल बुक ट्रस्ट/राष्ट्रीय पुस्तक न्यास द्वारा पिथौरागढ़ के नगरपालिका सभागार में 17 से 23 जून तक पुस्तक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारंभ पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान करेंगे। राष्ट्रीय पुस्तक प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य दूर दराज के क्षेत्रों में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना है।डिप्टी डायरेक्टर अमित कुमार सिंह ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव के तहत सीमावर्ती जनपद में पुस्त्क प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में न्यास की ओर से प्रकाशित हिंदी, अंग्रेजी के अलावा गढ़वाली, नेपाली और कुमाऊंनी जैसी क्षेत्रीय भाषाओं में पुस्तकें होंगी। इसके अलावा सभी आयु वर्ग के पाठकों के लिए विभिन्न विषयों पर कहानी, उपन्यास, महापुरुषों की जीवनियों, लोकोपयोगी विज्ञान, भारत देश और लोग सहित अन्य पुस्तकें किफायती मूल्य पर उपलब्ध होंगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत न्यास की ओर से बच्चों के लिए प्रकाशित द्विभाषी पुस्तकों के साथ ही सेनानियों पर आधारित पुस्तकों का संकलन भी रहेगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन शुक्रवार को दिन में 12 बजे होगा। पुस्तक प्रदर्शनी सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक लगेगी। उन्होंने लोगों से इस पुस्तक प्रदर्शनी का लाभ उठाने का आह्वान किया है।