पिथौरागढ़। अग्निपथ योजना के विरोध में गुरुवार को पिथौरागढ़ शहर में राष्ट्रीय और राज्य मार्ग को जाम करने पर पुलिस ने अब तक 82 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें 12 नामजद और 70 अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। अन्य को ‌फोटो या वीडियो फुटेज के आधार पर चिन्हित किया जा रहा है।
केंद्र सरकार की अग्निपथ स्कीम के विरोध में गुरुवार को सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने पिथौरागढ़ शहर के सिल्थाम, रोडवेज तिराहा, टनकपुर तिराहा, केमू स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर जाम और धरना प्रदर्शन किया था। इसके चलते यातायात प्रभावित रहा था। स्कूल बसें और एंबुलेंस भी मार्ग में फंसी रह गई थी। पुलिस को प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए लाठियां फटकारनी पड़ी थीं। इस मामले में अब पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में पूर्व में किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई थी। ऐसे प्रदर्शनकारियों को चिन्हित किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के प्रदर्शन के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कानून व्यवस्था को प्रभा‌वित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके लिए सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगाह रखी जा रही है।