पिथौरागढ़। यूपीएससी में 19वीं रैंक हासिल करने वाली दीक्षा जोशी का नागरिक अभिनंदन किया गया।

मंगलवार को पिथौरागढ़ के रामलीला मैदान में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत और दीक्षा जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने दीक्षा के साथ ही उनके पिता वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश जोशी और माता गीता जोशी को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष ने कहा कि डॉ.दीक्षा जोशी ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में देश भर में 19वां स्थान प्राप्त कर सीमांत पिथौरागढ़ जिले के साथ ही उत्तराखंड राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि दीक्षा की सफलता से पूरे जनपदवासी गर्व महसूस कर रहे हैं। कार्यक्रम में मौजूद अन्य तमाम लोगों ने दीक्षा को शुभकामनाएं दीं। नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, सहकारी बैंक अध्यक्ष मनोज सामंत, राम सिंह, छात्र, बुजुर्ग आदि लोग मौजूद थे।