पिथौरागढ़। जिले के बसोड़ ग्राम पंचायत के बोरागांव में छत पर सो रही बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया। शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया। बच्ची का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार सुरेश भंडारी की 13 साल की बेटी परिजनों के साथ छत पर सो सही थी। उनके साथ छत पर ही कुत्ता भी था। इस दौरान तेंदुए ने कुत्ते पर हमला कर दिया। कुत्ते के वहां से भागने के बाद तेंदुआ बच्ची पर छपट पड़ा। परिजनों के हल्ला मचाने के बाद तेंदुआ भाग गया। तेंदुए के हमले में बच्ची के नाक में गहरा घाव हुआ है। परिजनों ने वन विभाग से मुआवजा देने की मांग की है। डीएफओ कोकोरोसे का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट सहित अन्य जांच के बाद घायल बच्ची को मुआवजा दिया जाएगा। तेंदुए के हमलों की संभावनाओं को देखते हुए वन विभाग ने लोगों से सावधानी रखने और घरों के आसपास की झाड़ियों को काटने को कहा है।