पिथौरागढ़। 12 साल की किशोरी का विवाह करने के मामले में पुलिस ने किशोरी की मां और पति की गिरफ्तारी के बाद आज बिचौलिया डीडीहाट निवासी महिला को भी गिरफ्तार कर लिया है।मालूम हो कि धारचूला क्षेत्र की 12 साल की किशोरी का विवाह सात माह पूर्व 36 साल के दीपक कुमार के साथ हुआ था। जब बाल विकास विभाग को इसकी जानकारी मिली तो विभाग द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इस मामले में नाबालिग से विवाह करने के मामले में बेरीनाग निवासी दीपक कुमार के खिलाफ पोक्सो सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद मामले की जांच कर रही महिला हेल्प लाइन प्रभारी‌ पिथौरागढ़ एसआई रेनू ने किशोरी के पति दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग किशोरी दो माह की गर्भवती है और उसे पुनर्वास केंद्र में रखा गया है। मामले की जांच कर रही महिला हेल्प लाइन प्रभारी एसआई रेनू ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है।किशोरी की यह दूसरी शादी थी इससे पहले उसकी मां और सौतेले पिता ने धारचूला में ही शादी कराई थी। पति की मारपीट से तंग आकर वह मायके चली गई थी। इसके बाद उसकी मां ने बेरीनाग निवासी दीपक कुमार से शादी करा दी।इस मामले में उपनिरीक्षक रेनू के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा इस अभियोग से सम्बन्धित पीड़िता की माँ को न्यायालय के आदेशानुसार धारा 370 भादवि 5/6 (16) पोक्सो अधिनियम व 11 बाल विवाह प्रतिषेध अधिनिमय के अन्तर्गत गिरफ्तार कर लिया गया था।पुलिस ने आज इस प्रकरण में नाबालिक पीड़िता की शादी करने वाली बिचौलिया महिला को भी गिरफ्तार किया। उप निरीक्षक रेनू व कांस्टेबल मनीषा साम॔त ने पीड़िता की शादी करने में सहयोग करने वाली महिला विमला देवी पत्नी स्व0 त्रिभुवन लाल निवासी सीएचसी आवासीय परिसर डीडीहाट को न्यायालय के आदेशानुसार भादवि/ पोक्सो अधिनियम/बाल विवाह प्रतिषेध अधिनिमय की विभिन्न धाराओं के अन्तर्गत गिरफ्तार किया गया।