सीडीओ की जनसुनवाई में गूंजे जन सरोकार, समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई
पिथौरागढ़, 02 फरवरी 2026*कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी की अध्यक्षता में जनसुनवाई दिवस का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान कुल 49 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 30 शिकायतों का समाधान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी एवं त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।जनसुनवाई में पेयजल, सड़क निर्माण व डामरीकरण, विद्युत, स्वास्थ्य, क्लॉक टावर की मरम्मत, नगर क्षेत्र में शौचालयों की सफाई, पेयजल लाइन, मानदेय भुगतान, मलबा निस्तारण सहित अन्य विभिन्न शिकायतें दर्ज की गईं।इस दौरान बसंत राम, निवासी आठगांव (पोस्ट शिलिंग) द्वारा विद्युत बिल के संबंध में अवगत कराया गया कि वे गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे हैं तथा विकलांग हैं। उनके नाम विद्युत संयोजन संख्या PT21722016659 के अंतर्गत ₹21,713 का बिल आया है, जिसका भुगतान करने में वे असमर्थ हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने विद्युत विभाग से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।जनसुनवाई में ग्रामवासी टुंडी-बारमौ द्वारा बारमौ से टुंडी सड़क के डामरीकरण की मांग रखी गई, जिस पर डॉ. सैनी ने लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।पंप चालकों द्वारा अवगत कराया गया कि उनके क्षेत्र में ड्न्डोखोला पेयजल योजना का निर्माण किया गया था, जिसमें पंप संचालन एवं पेयजल वितरण का कार्य वे 01 जनवरी 2025 से कर रहे हैं। लगभग 13 माह बीत जाने के बावजूद उन्हें वेतन का भुगतान नहीं किया गया, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान दिनेश सिंह बिष्ट द्वारा नैनीसैनी क्षेत्र के समस्त जनप्रतिनिधियों की ओर से नैनीसैनी-कुमडार मोटर मार्ग की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार के मामले में त्वरित संज्ञान लेकर निर्माण कार्य प्रारंभ करवाने हेतु जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।इसके उपरांत स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित विचारयुक्त खबरों की समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

