पिथौरागढ़। पुलिस भर्ती की मैरिट लिस्ट और डीएलएड की काउंसलिंग जिलेवार कराने की मांग को लेकर उक्रांद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में उक्रांद ने कहा है कि पुलिस भर्ती के परिणाम राज्य स्तर से जारी करना पहाड़ विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

शुक्रवार को उक्रांद कार्यकर्ताओं ने दल के वरिष्ठ नेता काशी सिंह ऐरी के नेतृत्व में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वर्तमान में पुलिस भर्ती और डीएलएड प्रत्याशियों की काउंसलिंग प्रक्रिया चल रही है। प्रदेेश सरकार ने पुलिस भर्ती के परिणाम और मैरिट राज्य स्तर से निर्धारित करने का निर्णय लिया है। जबकि यह पूर्व में जिलेवार निर्धारित की जाती थी। सरकार के इस निर्णय से पिछड़े और दूरदराज जिलों के युवाओं के समायोजित होने के अवसर कम होने की संभावनाएं बढ़ जाएंगी। उन्होंने कहा कि डीएलएड की काउंसलिंग भी राज्य स्तर पर की जा रही है, जबकि रिक्तियां जनपदवार निर्धारित हैं। ऐसी स्थिति में एक जिले के युवाओं को कम अवसर मिलेंगे। प्रदर्शन के बाद डीएम डॉ.आशीष चौहान के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पुनेड़ा, चंद्रशेखर कापड़ी, जगत मेहता, मदन सिंह पोखरिया, चंद्र प्रकाश कोहली, गणेश दत्त पंत, गिरीश चंद्र जोशी, डॉ. राजेंद्र सिंह नेगी, त्रिलोक सिंह ऐरी, मनोज सिंह भंडारी, दुर्गेश द्विवेदी, संजय जोशी, पीतांबर पंत, गंगा धामी, बलजीत कौर, दीपक जोशी मौजूद रहे।