धारचूला(पिथौरागढ़)। जनपद की ऊंची चोटियों में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। धारचूला की ब्यास और दारमा घाटियों में बर्फबारी से ठंड शुरू हो गई है।दारमा घाटी के चीन सीमा के अंतिम चौकी दावे 17500 फुट की ऊंचाई पर एक फुट से अधिक बर्फबारी हुई है। पिछले तीन चार दिन से उच्च हिमालयी दारमा घाटी के 14 और व्यास घाटी के सात गावों में लगातार बारिश होने के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। तापमान गिरने से शुक्रवार की रात जमकर हिमपात हुआ। 12 हजार फुट से अधिक ऊँचाई वाले सभी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। दारमा घाटी के प्रसिद्ध पंचाचूली ग्लेशियर और व्यास घाटी के ओम पर्वत और आदि कैलाश की चोटियों में एक फुट से अधिक बर्फबारी होने की सूचना है। मुनस्यारी के मिलम के ऊंचाई वाले क्षेत्र में भी हिमपात हुआ है। निचले इलाकों में बारिश और ऊंची चोटियों में बर्फबारी के बाद जिले भर में हल्की ठंड महसूस होने लगी है। शनिवार को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लोगों को ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने पड़े।