पिथौरागढ़। नैनीसैनी से नियमित हवाई सेवा और बेस अस्पताल शुरु करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर विधायक मयूख महर का धरना सातवें दिन भी जारी रहा। रविवार को पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा और कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्सवाण ने आंदोलन के समर्थन में पिथौरागढ़ पहुंचकर धरना दिया।पिछले एक सप्ताह से धरना दे रहे विधायक मयूख महर ने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को फोन पर उन्हें मांग पूरी करने को लेकर आश्वस्त किया था। सभी को उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री मांगों को पूरा करने के संबंध में ठोस बात कहेंगे। आज जब समाचार पत्रों को देखा तो बड़ी निराशा हुई। पिथौरागढ़ जिला सीमांत का गृह जनपद है। उन्हें इस जिले की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल बात करना जानती है। कांग्रेसी बड़ा धैर्य रखते हैं और धैर्य के साथ घोषणा का इंतजार भी करेंगे। कहा कि जिस दिन मुख्यमंत्री विमान सेवा शुरू करने के लिए तिथि घोषित कर देंगे वह धरना समाप्त कर देंगे। पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि भाजपा सरकार जन समस्याओं की अनदेखी कर रही है। कपकोट के पूर्व विधायक ललित ने कहा कि भाजपा सरकार को जनता की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं रह गया है। लोग जरूरी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अंजू लुंठी, रेवती जोशी, सभासद भावना नगरकोटी, खीमराज जोशी, मुकेश पंत, जगत सिंह खाती, पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर महर, राम सिंह बिष्ट, शिवराज सिंह अधिकारी, जीवन चंद्र जोशी, दीपक जोशी, दीपक लुंठी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। संचालन पूर्व प्रदेश प्रवक्ता भुवन पांडेय ने किया।

You missed