पिथौरागढ़। भारतीय सेना के शौर्य, सम्मान और सबसे बड़ी विजय के प्रतीक विजय दिवस 16 दिसंबर को पूर्व सैनिक संगठन पिथौरागढ़ द्वारा सद्भावना अभियान के तहत मनाया जाएगा। इसके तहत गरीब निर्धन व्यक्तियों को कपड़े, बर्तन सहित अन्य जरूरी वस्तुओं का वितरण किया जाएगा।

पूर्व सैनिक संगठन द्वारा कहा गया इस दिन पर जहां भारतीय सेना द्वारा एक महान जीत हासिल कर अपने गौरव से देशवासियों का दिल जीता था उसी प्रकार इस दिन से पूर्व सैनिक संगठन क्षेत्र के गरीब निर्धन परिवारों को गर्म कपड़े, बर्तन इत्यादि को उपलब्ध कराकर आम जनता के चेहरे पर खुशी लाने का कार्य करेगा। ताकि सर्दी के मौसम में गरीबों को राहत मिल सके।

संगठन के उपाध्यक्ष मयूख भट्ट ने बताया कि 16 दिसंबर से संगठन द्वारा क्षेत्र पर गरीबी के साथ जीवन यापन कर रहे परिवार, मजदूर वर्ग के लोगों में वितरण का कार्य नेकी की दीवार की तर्ज पर किया जा रहा है। इसके लिए संगठन के कई पूर्व सैनिकों ने पहल करते हुए काफी सामग्री को संगठन कार्यालय पर एकत्र भी किया जा चुका है। इस सामग्री को विजय दिवस के दिन एक स्टॉल बनाकर संगठन कार्यालय मां भगवती सदन बिण पर लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति इस कार्य में सहयोग देना चाहता है तो वह सामग्री संगठन के कार्यालय में उपलब्ध करा सकते हैं।