पिथौरागढ़। भारतीय सेना की 432 इंडिपेंडेंट इंजीनियर स्कॉर्डन में कार्यरत सैनिक पंकज सिंह कन्याल का ड्यूटी के दौरान निधन हो गया है। इस समाचार से पूरे क्षेत्र में शोक छाया है। विण स्थित पवन विहार कालोनी निवासी पंकज सिंह की दो वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी और उनका छह माह का बेटा है। उनका अंतिम संस्कार मुवानी घाट पर सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि पंकज सिंह पुत्र श्याम सिंह जम्मू कश्मीर में तैनात थे। चार दिन पूर्व ड्यूटी के दौरान टॉवर से गिरने से उनका देहांत हो गया। उनका पार्थिव शरीर पिथौरागढ़ लाया जा रहा है। सोमवार देर शाम तक पार्थिव शरीर के पिथौरागढ़ पहुंचने की संभावना है। मंगलवार को मुवानी के रामगंगा नदी घाट पर उनका सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दुखद सूचना के बाद पंकज सिंह की मां और पत्नी बेसुध हैं। सोमवार को पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष मेजर ललित सिंह सामंत, उपाध्यक्ष मयूख भट्ट सहित तमाम पूर्व सैनिकों ने जवान के आवास पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।

सैनिक पंकज सिंह के ताऊ कैप्टन जसवंत सिंह कन्याल ने बताया कि चार दिन से परिजन पार्थिव देह घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि पार्थिव शरीर का इतने दिनों तक इंतजार करना परिजनों के लिए सबसे अधिक पीड़ादायक होता है।

पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष ललित सिंह और उपाध्यक्ष मयूख भट्ट ने कहा है कि ड्यूटी के दौरान शहीद होने या फिर किसी हादसे में जान गंवाने वाले सैनिकों का पार्थिव शरीर घर तक पहुंचाने के लिए सेना की ओर से हेलीकॉप्टर की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन शीघ्र ही इस मामले में सैन्य अधिकारियों और सरकार से पत्राचार करेगा।