
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के मेगा स्पोर्ट्स स्टेडियम में हो रही अंडर-15 नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने यूपी के एक पहलवान को मंच पर थप्पड़ जड़ दिया। झारखंड कुश्ती संघ के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह समेत अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। पहलवान को थप्पड़ मारने पर यूपी सहित अन्य राज्यों के खिलाड़ियों ने विरोध किया है।
रांची में तीन दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता 15 दिसंबर को शुरू हुई थी। इसमें तमाम राज्यों के आठ सौ से अधिक पहलवानों ने भाग लिया था। इसमें एक पहलवान को 15 वर्ष से अधिक का पाए जाने पर अयोग्य घोषित किया गया था। बताया जा रहा है कि उस पहलवान में पहले टेक्निकल टीम के सामने आपत्ति दर्ज कराई थी। उसकी आपत्ति खारिज होने पर वह स्टेज पर पहुंचकर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह से बात करने की कोशिश कर रहा था। अध्यक्ष द्वारा थप्पड़ मारने से वहां पर हंगामा खड़ा हो गया। बृजभूषण शरण सिंह का कहना है कि पहलवान को पहले ही डिसक्वालीफाइ कर दिया गया था और वह बदतमीजी पर उतर आया था इसलिए उन्होंने गुस्से में थप्पड़ जड़ दिया। उन्होंने कहा कि हमारे संघ में अनुशासनहीनता के लिए कोई स्थान नहीं है।

