पिथौरागढ़। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने पिथौरागढ़ में यूथ कांग्रेस की ओर से आयोजित युवा न्याय सम्मेलन रोजगार दो न्याय दो कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने यूथ कांग्रेस की ओर से जारी आठ गारंटियों के पोस्टर का विमोचन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाह रही है।शुक्रवार को पिथौरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में यशपाल आर्य ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस राज्य की सभी पांच सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाने और लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील करने को कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद संवैधानिक संस्थाओं को खत्म किया जा रहा है। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है।इंडिया एलाइंस के प्रत्याशी प्रदीप टम्टा ने प्रधानमंत्री और स्थानीय सांसद के 10 साल के कार्यकाल को निराशाजनक बताया। कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र महर ने भी सरकार की खामियां गिनाते हुए युवाओं और अन्य मतदाताओं से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू लुंठी, महिला जिलाध्यक्ष भावना नगरकोटी, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री महेंद्र लुंठी, मनोज ओझा, एड. रमेश कापड़ी, वरिष्ठ नेता रेवती जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, खीमराज जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती, दीपक लुंठी, भुवन पांडेय, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक बोहरा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।इसके बाद नगर में रैली निकाली गई। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, इंडिया एलाइंस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा, विधायक मयूख महर सहित कई अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में रैली निकालकर लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस को जिताना जरूरी है।