हल्द्वानी। बुधवार को निलियम कॉलोनी मार्ग पर नीलांचल कॉलोनी फेस-5 स्थित फार्म नंबर-3 में मृत मिली अफसाना को गला घोंटकर मारा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है। मृतका के फरार चल रहे पति सौरभ के पकड़े जाने के बाद ही महिला की हत्या का राज खुल सकेगा। वह दो बेटियों अलीशा (5 वर्ष) और इबरा (3 वर्ष) को अपने साथ ले गया है, जिनकी जान को भी खतरे की आशंका है। पुलिस मृतका के पति की गिरफ्तारी के लिए यूपी के कई शहरों में दबिश दे रही है।

मूल रूप से रुद्रपुर के वार्ड नंबर-14 की सुभाष कॉलोनी निवासी सौरभ राज की पत्नी अफसाना उर्फ आस्था का शव बुधवार (10 अप्रैल) को टीपी नगर पुलिस चौकी क्षेत्र में नीलांचल कॉलोनी फेस-5 स्थित फार्म नंबर-3 में गंगाराम मौर्य के मकान में मिला था, अफसाना यहां 29 फरवरी से किराए पर रह रही थी। गुरुवार को दो डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने महिला का शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस के शक पुख्ता कर दिया। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। इधर, फरार चल रहे हत्यारोपी अफसाना के पति सौरभ राज की पुलिस तलाश कर रही है। छानबीन में उसके अक्सर आगरा जाने-आने के सुराग मिले हैं। पुलिस की पांच टीमें यूपी के अलग-अलग शहर में रवाना की गई हैं। इस घटना के संबंध में पुलिस को अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।