पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ – चमाली मोटर मार्ग में छलिया नृतकों का वाहन गहरी खाई में जा गिरा। सोमवार तड़के तीन बजे हुई इस घटना 5:30 बजे मुख्यालय पहुंची। दुर्घटना में वाहन में सवार चार छलिया नृतकों की मौके पर ही मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार छलिया नृतकों का एक दल बीती रात्रि अपने घर चमाली की ओर लौट रहा था। तड़के करीब तीन बजे चमाली के पास अंडाली में उनका वाहन असंतुलित होकर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलने पर जिला मुख्यालय से पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग, 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दुर्घटना में 48 वर्षीय कैलाश राम, 37 वर्षीय अंगद राम, 43 वर्षीय पवन राम और 38 वर्षीय चालक अजय राम की मौत हो गई। चमाली निवासी 49 वर्षीय जगदीश, 19 वर्षीय हिमांशु, 18 वर्षीय प्रियांशु और 42 वर्षीय राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें 108 से जिला चिकित्सालय लाया गया। अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस घटना की सूचना से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।