पिथौरागढ़। सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने पूर्ति विभाग से पिथौरागढ़ जिले में सब्जियों के दामों में हो रही वृद्धि पर अंकुश लगाने की मांग की है। सोसाइटी का कहना है कि मनमाने ढंग से स​ब्जियों के दाम बढ़ा दिए जाने से गरीब लोगों के लिए सब्जी खाना तक मु​श्किल हो रहा है।
गुरुवार को सोशल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष कैलाश चंद्र पुनेठा के नेतृत्व में जिला पूर्ति कार्यालय पहुंचे सोसाइटी के सदस्यों ने पूर्ति निरीक्षक बीएस सनवाल को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ शहर में सब्जियों के दामों में काफी बढ़ोत्तरी हो गई है। सब्जी के दाम बढ़ने से निर्धन परिवारों के लिए सब्जी खरीदना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि पूर्ति विभाग ने बागेश्वर जिले में स​ब्जियों के दामों में नियंत्रण के लिए सूची जारी कर दी है। उन्होंने पूर्ति विभाग से बागेश्वर जिले की तर्ज पर पिथौरागढ़ में भी सब्जी के दाम निर्धारित करने की मांग उठाई। ज्ञापन सौंपने वालों में सुनील वर्मा, शमशेर महर, ललित मोहन तड़ागी, जगदीश बहादुर थापा, किशोर पंत, कुलदीप महर शामिल थे।

……………..
बढ़ती जनसंख्या को नियंत्रित करना सभी के हित में

पिथौरागढ़। विश्व जनसंख्या दिवस पर रेडक्राॅस ने गंगोत्री गर्ब्याल बालिका इंटर काॅलेज में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। एडीएम शिव कुमार वरनवाल ने शुभारंभ करते हुए कहा कि बढ़ती जनसंख्या विश्व की समस्या है इसके समाधान के लिए युवा बालिकाएं आगे आएं।
डाॅ आंकाक्षा वत्स ने कहा कि जनसंख्या को नियंत्रित करना सभी के हित में है। इसे नियंत्रित करने के लिए सरकार को कार्यक्रम आयोजित करने चाहिए। मुख्य चिकित्सक अधीक्षक डाॅ. जेएस नबियाल ने कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों में परिवार नियोजन के बारे में जानकारी उपलब्ध रहती है। आज अधिक जनसंख्या वैश्विक समस्या हो गई है। इस अवसर पर छात्राओं की विभिन्न प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। भाषण प्रतियोगिता में प्राची बिष्ट, सीमा, लक्ष्मी कापड़ी सहित अन्य छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसमें रेडक्राॅस के चेयरमैन एमसी पंत, प्रधानाचार्य हंसा धामी, सचिव भगवान सिंह, हर्ष भंडारी, राजमेहता, आशा मेहता, गौरव सिंह, हिमांशु, प्रियंका पंत, धीरेंद्र कुमार, गौरव टम्टा, कविता मेहता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
………….
अलग-अलग मामले में की गई चालानी कार्रवाई

पिथौरागढ़। जिले भर में पुलिस टीम ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले एक वाहन चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज किया है। इसी क्रम में मिशन मर्यादा के तहत कुल 28 और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 105 लोगों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। कोतवाली जौलजीबी से एसआई अशोक सिंह, एसआई पूरन सिंह और कांस्टेबल महेश बोरा ने अवैध मादक पदार्थों की चैकिंग के दौरान तातापानी यात्री विश्राम गृह के पास से डिगर सिंहको 05 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

……………

तल्ला और मल्ला समकोट को जोड़ने वाला एकमात्र पैदल पुल ध्वस्त

पिथौरागढ़। सीमांत तहसील मुनस्यारी क्षेत्र में बीते रात भारी बारिश हुई। इससे तल्ला और मल्ला समकोट को जोड़ने वाला एकमात्र पैदल पुल ध्वस्त हो गया है। ऐसे में लोगों का बाजार से संपर्क टूट गया है।ग्रामीणों का बाजार सेे खाद्य सामग्री लेने के लिए पैदल पुल ही एकमात्र पुल ही सहारा था। बुधवार को करीब 8.30 बजे से हुई मूसलाधार बारिश से तल्ला और मल्ला समकोट से जोड़ने वाला पुल ध्वस्त हो गया है। इससे क्षेत्र के तीन हजार की आबादी का संपर्क बाजार से कट गया है। स्कूल जाने वाले ग्रामीण बच्चों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। लोगों ने कहा कि जल्द पुल का निर्माण कार्य नहीं किया गया तो ग्रामीणों को खाने पीने की वस्तुओं के लिए दिक्कतें उठानी पड़ सकती है। जिले में 22 सड़कें मलबा आने से बंद हैं। बृहस्पतिवार को गुड़ौली में मलबा आने से पिथौरागढ़-धारचूला राष्ट्रीय राजमार्ग भी बा​धित रहा।
…………….
छात्र-छात्राओं को बताए मौलिक अधिकार

पिथौरागढ़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने हिमालयन पब्लिक स्कूल पिथौरागढ़ में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया। ​शिविर में जिला विधिक प्राधिकरण की सचिव सिविल जज सीनियर डिविजन मंजू देवी ने छात्र-छात्राओं को मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, किशोर न्याय अधिनियम, पोक्सो अधिनियम, नशामुक्ति और साइबर अपराध के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने शिक्षक सहित 118 छात्र-छात्राओं की जिज्ञासा का भी समाधान किया। ​शिविर में सभी छात्र-छात्राएं और ​शिक्षक उप​स्थित थे।
……………
यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र महर बने पंजाब के प्रभारी

पिथौरागढ़। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र महर को युवा कांग्रेस ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। उनके कार्य और सक्रियता को देखते हुए उन्हें पंजाब प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है। ऋषेंद्र इससे पूर्व हिमाचल, कर्नाटक, राजस्थान में भी प्रभारी, सह प्रभारी के तौर पर कार्य कर चुके हैं। इसी वजह से उन्हें अब पंजाब प्रदेश का स्वतंत्र प्रभार देकर जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने पंजाब प्रदेश प्रभारी बनाने पर नेता विपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावारू, राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास का आभार प्रकट किया है। ऋषेंद्र को यह जिम्मेदारी मिलने पर तमाम पार्टी कार्यकर्ताओं ने खुशी व्यक्त की है।
……………..

हरेला पर्व पर लगाए जाएंगे 2 लाख 6 हजार विभिन्न प्रजातियों के पौधे

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी रीना जोशी ने जिला कार्यालय में हरेला पर्व की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद स्तर पर हरेला पर्व को एक अभियान के तहत किया जाना है इसके तहत पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत इस वर्ष हरेला पर्व पर जनपद में लगभग 2 लाख 6 हजार विभिन्न प्रजातियों के वृक्षारोपण का लक्ष्य रखा गया।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग हरेला पर्व आयोजन की रूपरेखा प्लानिंग के तहत निर्धारण कर लें, ताकि लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखा जा सकें। उन्होंने जिला विकास अधिकारी राम गोस्वामी को प्रत्येक विकासखंड स्तर पर एक-एक नोडल अधिकारी नामित करते हुए लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी निर्धारित करने एवं लगाए गए पौधों की वीडियो एवं फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने संबंधित विभागों को हरेला पर्व के अवसर पर बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, जिला स्तरीय अधिकारियों, स्वयं सेवी संस्थाओं, समूह की महिलाएं, स्कूली छात्र- छात्राओं सम्मिलित करने के निर्देश दिए उन्होंने आम जनमानस से भी हरेला पर्व पर एक पौधा अपनी मां के नाम की थीम पर पौधरोपण कार्यक्रम में प्रतिभा करने करने की अपील की।
डीएम ने जलधारा को जल संरक्षण एवं पुनर्जीवन हेतु चिन्हित जीर्णोद्धार एवं पुनर्जीवन स्थान में पौधरोपण के निर्देश एसडीओ वन विभाग को दिये। जिलाधिकारी ने वन विकास,कृषि ,उद्यान ,शिक्षा,भेषज, जलागम, उद्यान, आदि विभागों को जनपद के अन्य क्षेत्रों व विद्यालयो में भी वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिये।ईओ नगर पालिका परिषद पिथौरागढ़ को नगर क्षेत्र में फूल रहित वृक्षों का रोपण करने निर्देश दिऐ। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को वित्तीय पांच वर्षों मैं हरेला पर्व पर लगाए गए पौधों का सर्वे करते हुए डाटा उपलब्ध करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में सयुंक्त मजिस्ट्रेट सदर आशीष कुमार मिश्रा, एसडीओ अनिल कुमार, अधिशासी अभियंता नगर पालिका राजदेव जायसी, मुख्य उद्यान अधिकारी त्रिलोकी राय, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु टम्टा के अलावा अन्य विभागो के अधिकारी उपस्थित थे।