हरिद्वार/पिथौरागढ़। नाबालिग को बहला फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को थल थाना पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है।
एक नवंबर 21 को एक व्यक्ति ने राजस्व पुलिस को नाबालिग के 31 अक्टूबर की दोपहर से घर से गायब होने की तहरीर दी थी। जिस सम्बन्ध में राजस्व उपनिरीक्षक पट्टी थल द्वारा वादी की तहरीर के आधार पर धारा 365 भादवि के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। इसके बाद यह मुकदमा थाना थल को हस्तान्तरित किया गया। जिसकी विवेचना महिला उपनिरीक्षक पूजा मेहरा द्वारा की जा रही थी। नाबालिग को 13 नवंबर को पुलिस टीम द्वारा चमोली से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पूछताछ के दौरान नाबालिग ने सौरभ पुरोहित नामक व्यक्ति पर उसे बहला-फुसला कर अपने साथ ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। अभियुक्त तब से फरार चल रहा था। नाबालिग के बयानों के आधार पर इस मामले में आईपीसी की धारा 363,366,376 और पोक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के आदेशानुसार आरोपी सौरभ पुरोहित की गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष थल, हीरा सिंह डांगी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने साइबर सर्विलांस की मदद से आठ जनवरी को आरोपी 23 वर्षीय सौरभ पुरोहित निवासी- ग्राम मटई, पट्टी गंडासू, जिला चमोली हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में एसआई पूजा मेहरा, कांस्टेबल सुंदर कोहली, धर्मेंद्र भारती, सर्विलांस के एसआई प्रियंका इजराल, कांस्टेबल अरविंद कुमार, विपिन ओली शामिल रहे।