बागेश्वर। कपकोट तहसील के जूनियर हाई स्कूल सरनी (वाछम में शुक्रवार को जन समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से “आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। स्थानीय विधायक सुरेश गड़िया और जिलाधिकारी आशीष भटगांई की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया और अपनी विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।

शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देना तथा उनकी शिकायतों और समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना था। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों जैसे राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन, विद्युत और जल निगम आदि के स्टॉल लगाए गए थे। प्रत्येक स्टॉल पर संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याओं को सुना।विधायक सुरेश गड़िया ने शिविर में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यह शिविर क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जहां वे अपनी समस्याओं को सीधे अधिकारियों तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने लोगों से सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की। इस अवसर विधायक गढ़िया ने महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए उस ग्रामसभा को एक लाख रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की, जिन ग्राम के किसी खेत में वनाग्नि की घटना ना घटित हो। साथ ही कहा कि राज्य में पर्यटन क्षमता में वृद्धि के प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने क्षेत्रवासियों की शिकायतें ध्यानपूर्वक सुनीं एवं आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।