पिथौरागढ़। राजकीय शिक्षक संघ पिथौरागढ़ की जिला कार्यकारिणी के लिए हुए चुनाव में प्रवीण रावल अध्यक्ष व देवेश अवस्थी जिला मंत्री चुने गये हैं।

प्रवीण रावल ने अपने प्रतिद्वंद्वी राजीव जोशी को 386 मतों से पराजित किया। कुल 932 वैध मतों में से प्रवीण रावल को 659 मत और राजीव जोशी को 273 मत मिले। जिला मंत्री पद पर कुल चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। देवेश अवस्थी ने सर्वाधिक 348 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहन जोशी को 293 मत, टी०एन०जोशी को 167 मत और योगेश पाल को 111 मत मिले। बाकी के सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुवा। इसके तहत पुरुष जिला उपाध्यक्ष पद पर जीवन जोशी, महिला उपाध्यक्ष पर प्रीति वर्मा, पुरुष संयुक्त मंत्री पद पर ऋतेश तिवारी व संयुक्त मंत्री महिला पद पर प्रेमा बोरा, संगठन मंत्री पर धीरज मेहता, आय-व्यय निरीक्षक पद पर अशोक ठकुराठी निर्विरोध निर्वाचित हुए। इससे पूर्व शनिवार सुबह आठ बजे से मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई। जिले के आठ विकासखंडों से अधिवेशन में शामिल होने आए सभी शिक्षक -शिक्षिकाओं ने अपने -अपने विकासखण्डों के लिए निर्धारित मतदेय स्थलों पर मतदान किया। कुल 1455 सदस्यों में से 936 ने मतदान में भाग लिया। जिलाध्यक्ष पद पर चार मत और मंत्री पद पर17 मत अवैध घोषित हुए। दोपहर एक बजे मतदान समाप्त हुआ। दो बजे से मतगणना का कार्य प्रारंभ हुआ। शाम लगभग पांच बजे मतगणना का कार्य सम्पन्न हुआ।

उसके बाद विजयी प्रत्याशियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गयी। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी शिक्षक शिक्षिकाओं का आभार जताया। इस अवसर पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भण्डारी, गंगा पंत, मुकेश उपाध्याय, गणेश शर्मा, नीरज जोशी, करन थापा, गोविन्द भट्ट, मोहित बिष्ट , विक्रम दिगारी, गौरव पंत, गोपाल खोलिया, मनोज पाण्डेय आदि उपस्थित रहे। पूर्व जिलाध्यक्ष गोविन्द भण्डारी, भास्करानंद जोशी, डॉ ०आर०पी० पाठक , मंजुला पाण्डेय, आनन्द रावत सहित अनेक पूर्व पदाधिकारियों ने संगठन की नवीन जिला कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षक समाज की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतरने की उम्मीद जाहिर की है।