पिथौरागढ़। पशुओं के लिए चारा काटने जंगल गई महिला की खाई में गिरने से मौत हो गई है।

रविवार को नाचनी के ग्राम पंचायत बोरा गांव के टिम्टिया राजस्व गांव निवासी विमला पंत पत्नी अशोक पंत (38 वर्ष) जंगल में घास काटने गई थी। दिन में लगभग दो बजे पैर फिसलने से वह गहरी खाई में गिर गई। उसे बेहोशी की हालत में तेजम अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉ.नीरज टम्टा ने उसे मृतक घोषित कर दिया। ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह धर्मशक्तू ने बताया कि मृतका के परिवार की दयनीय हालत है। परिवार अंत्योदय श्रेणी में शामिल है। विमला पंत की मौत से दो बच्चों प्रकाश और उमा सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम प्रधान ने बताया कि मृतका का मायका देवलथल में है।