पिथौरागढ़। शुक्रवार को पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी सहित धारचूला की दारमा और व्यास घाटियों में हिमपात हुआ। आदि कैलाश, ओम पर्वत बर्फ से लकदक हो गए हैं। हिमपात के बाद हिमालय की काली पड़ी चोटियां बर्फ से लकदक हो चुकी हैं। बारिश व बर्फबारी को खेती व बागवानी के लिए भी अच्छा माना जा रहा है।
लंबे समय से बारिश व बर्फबारी नहीं होने से फसलें सूखने लगी थी। हिमालय की चोटियां भी काली पड़ने लगी थी। मौसम विभाग ने शुक्रवार को बारिश व बर्फबारी का आरेंज अलर्ट जारी किया था। शुक्रवार को सुबह आशिंक रूप से बादल छाये थे। अपराह्न तीन बजे से बारिश व बर्फबारी शुरू हुई। मुनस्यारी नगर में भी लगभग दो इंच हिमपात हुआ। बर्फबारी होने पर पर्यटकों ने जमकर लुत्फ उठाया। कालामुनि के पास भारी हिमपात होने से थल- मुनस्यारी रोड में 20 से 25 वाहन फंस गए। वाहन फंसने की सूचना के बाद प्रशासन द्वारा रात में जेसीबी मौके पर भेजी गई।
पिथौरागढ़ नगर के चंडाक क्षेत्र में भी बर्फबारी हुई। इसके अलावा ध्वज, थलकेदार आदि ऊंची चोटियों पर भी हल्का हिमपात हुआ। पिथौरागढ़ नगर सहित जिले के अन्य इलाकों में लगातार तीन घंटे तक बारिश हुई। बारिश को फसल व बागवानी के लिए बेहतर माना जा रहा है। बर्फबारी से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड से बचाव के लिए लोगों को हीटर, अलाव का सहारा लेना पड़ा।

