पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में 12 साल के बच्चे का शव पंखे से लटका मिला। मासूम बच्चे ने यह कदम क्यों उठाया पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में भेज दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

मूल रूप से मूनाकोट ब्लाक के बड़ालू गांव निवासी क्रिस मेहता पुत्र जितेंद्र सिंह पवन विहार कालोनी पिथौरागढ़ में अपनी बुआ के साथ रहता था और स्थानीय एक निजी स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ता था। छुटि्टयों में वह गांव गया था और तीन दिन पहले ही पिथौरागढ़ आया था। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को क्रिस की बुआ अपने बच्चों के साथ किसी काम से गई थी। क्रिस घर में अकेला था। जब बुआ घर लौटी तो दरवाजा भीतर से बंद था। आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो कुंडा तोड़ा गया। कमरे में सीलिंग फैन से क्रिस का शव लटक रहा था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

कोतवाल ललित मोहन जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। इसके बाद शव मोर्चरी में भेजा गया। कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि बच्चे का शव पंखे से लटका था। फंदा दुपट्टे का बनाया गया था। जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। बच्चे ने यह कदम क्यों उठाया जांच के बाद ही पता चल सकेगा।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

क्रिस के पिता दिल्ली में नौकरी करते हैं। मासूम क्रिस के पंखे से लटकने की जानकारी के बाद उसकी मां, दादा सहित अन्य परिजन गांव से पिथौरागढ़ पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस दौरान वहां का माहौल गमगीन हो गया। इस घटना से हर कोई स्तब्ध है। लोगों ने इस घटना पर घर दुख जताया है।