पिथौरागढ़ में परसीमन क्रांति की शुरुआत, जिलाधिकारी ने किया मातृवृक्ष रोपण

किसानों के लिए लाभकारी विकल्प बनेगा परसीमन, जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ

बागवानी से बढ़ेगी किसानों की आय: भटयूड़ा पौधालय में परसीमन मिशन का आगाज़

परसीमन फल उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु राजकीय पौधालय भटयूड़ा में मातृवृक्ष रोपण कार्यक्रम

जनपद पिथौरागढ़ में उद्यान विभाग द्वारा परसीमन (Persimmon) फल उत्पादन को बढ़ावा देने, कृषकों को उच्च गुणवत्तायुक्त परसीमन पौध उपलब्ध कराने तथा उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में आज आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पिथौरागढ़ द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए परसीमन पौधरोपण कर इस पहल की शुरुआत की गई।

वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत बागवानी मिशन योजना के तहत राजकीय पौधालय भटयूड़ा, पिथौरागढ़ में 0.20 हेक्टेयर क्षेत्रफल में परसीमन मातृवृक्षों का रोपण किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य भविष्य में उन्नत एवं प्रमाणित पौध सामग्री का स्थानीय स्तर पर उत्पादन कर कृषकों को उपलब्ध कराना है, जिससे बागवानी क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

उद्यान विभाग द्वारा जनपद के कृषकों से परसीमन फल उत्पादन को अपनाने तथा विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया गया है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि राजकीय पौधालय भटयूड़ा में परसीमन (Persimmon) की उच्च गुणवत्ता वाली उन्नत किस्मों के मातृवृक्षों का रोपण किया जा रहा है। यह लगभग दस नाली में विकसित की जा रही विशेष किस्म है, जो बेहतर उत्पादन एवं गुणवत्ता के लिए जानी जाती है।

उन्होंने बताया कि मातृ फार्म में किए गए इस प्लांटेशन का उद्देश्य भविष्य में गुणवत्तायुक्त पौध सामग्री तैयार कर कृषकों तक पहुँचाना है। आगे की योजना के अंतर्गत जनपद की अन्य ग्राम पंचायतों में भी कृषकों के सहयोग से परसीमन का रोपण कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक काश्तकार इस फल उत्पादन से जुड़ सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि परसीमन फल नॉन-पेरिशेबल (कम जल्दी खराब होने वाला) होने के कारण बाजार में इसका अच्छा मूल्य प्राप्त होता है। इसकी उत्कृष्ट गुणवत्ता एवं बेहतर मांग को देखते हुए यह किसानों के लिए एक लाभकारी एवं व्यावसायिक रूप से सफल विकल्प बन सकता है। उन्होंने कहा कि यह पहल कृषकों की आय बढ़ाने तथा बागवानी आधारित आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस मातृ वृक्ष रोपण कार्यक्रम में मुख्य उद्यान अधिकारी अभिनव कुमार द्वारा बताया गया कि राजकीय पौधालय bhatyuda में persimmon पौध की प्रजाति FIYU का मातृ ब्लॉक लगाया जा रहा है।इसका फल एंटी कैंसर गुणों के कारण मार्केट में बहुत अच्छे दाम पर बिक रहा है तथा इसकी बढ़ती मांग को देखते हुए हॉर्टिकल्चर मिशन योजना के अंतर्गत इसका बगीचा पहली बार उत्तराखंड के किसी सरकारी पौधालय में लगाया गया है।बाजार में इस पौधे की कीमत जहां बहुत अधिक है, उद्यान विभाग इसको मात्र 100 रुपये के मूल्य में किसानों को वितरित करेगा

इस दौरान मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी, मुख्य उद्यान अधिकारी अभिनव कुमार सहित उद्यान विभाग के कर्मचारियों द्वारा पौधरोपण किया गया।