पिथौरागढ़। अस्कोट थाना क्षेत्र अंतर्गत द्वालीसेरा गांव में बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। एक व्यक्ति ने विवाद के बाद अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, द्वालीसेरा निवासी भुवन प्रसाद अपनी 38 वर्षीय पत्नी गीता देवी के साथ गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात घर लौटने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर भुवन प्रसाद ने कुल्हाड़ी से पत्नी की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को कब्जे में लेकर शव का पंचनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए पिथौरागढ़ भेज दिया है। सीओ केएस रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतका के दो बेटे और दो बेटियां हैं। एक बेटे और एक बेटी का विवाह हो चुका है। हत्या की इस वारदात से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी छायी है।
