पिथौरागढ़। माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पिथौरागढ़ के तत्वावधान में दिनांक 01 मई 2026 को न्यू बियरशिवा पब्लिक स्कूल, पुलिस लाइन, पिथौरागढ़ में वृहद बहुउद्देशीय विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का भव्य आयोजन किया गया।

शिविर में लगभग 5,000 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय न्यायमूर्ति/कार्यपालक अध्यक्ष, उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल श्री मनोज कुमार तिवारी एवं माननीय न्यायमूर्ति श्री पंकज पुरोहित द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।अपने संबोधन में माननीय न्यायमूर्तियों ने कहा कि ऐसे शिविर आमजनता के लिए अत्यंत लाभकारी एवं दूरगामी परिणाम देने वाले होते हैं। इनके माध्यम से विधिक सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित होता है तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को न्याय तक समान पहुंच प्रदान की जा सकती है।

उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव श्री प्रदीप मणि त्रिपाठी ने आमजन से अपील की कि वे इस प्रकार के शिविरों में सक्रिय रूप से प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाएं।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पिथौरागढ़ की सचिव श्रीमती मंजू देवी ने “बच्चों के मैत्रीपूर्ण विधिक अधिकार योजना-2024” सहित विभिन्न विधिक प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी प्राधिकरण के माध्यम से सुनिश्चित की जाती है।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनमें भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड, मातृ वंदना योजना, नन्दा गौरा योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, किसान सम्मान निधि, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल रहीं।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को सामग्री एवं सहायता भी वितरित की गई—समाज कल्याण विभाग द्वारा बैसाखी एवं व्हीलचेयरकृषि विभाग द्वारा 50 वनराजी महिलाओं को टूल किट श्रम विभाग द्वारा 100 लाभार्थियों को कंबल व छाते, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महालक्ष्मी किट, अग्रणी बैंक द्वारा लाभार्थियों को चेक वितरण गैर सरकारी संस्था द्वारा लैपटॉप एवं स्कूल बैग वितरण इसके अतिरिक्त राजस्व विभाग द्वारा विभिन्न प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा स्वास्थ्य विभागों द्वारा सैकड़ों लोगों का उपचार कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं के लिए दवाइयों का वितरण भी किया गया।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 16 मुकदमेबाजी मुक्त ग्रामों के ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। साथ ही सरल कानूनी ज्ञान माला पुस्तिकाओं का वितरण कर जनजागरूकता बढ़ाई गई।

शिविर में जिला जज धनंजय चतुर्वेदी, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती सुमन, मुख्य विकास अधिकारी दीपक सैनी, प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पीएलवी/अधिकार मित्रों एवं संबंधित विभागों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।