उत्तरकाशी। 05 मई 2026 को देर रात्रि जनपद उत्तरकाशी के मनेरी क्षेत्र में एक बुजुर्ग यात्री के गहरी खाई में गिरने की सूचना आपदा कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट उजेली से मुख्य आरक्षी कुलदीप सिंह के नेतृत्व में एक प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
SDRF टीम द्वारा अत्यंत सूझबूझ, साहस एवं पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए रस्सियों व अन्य रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से खाई में उतरकर घायल तक पहुँच बनाई गई। कठिन परिस्थितियों के बावजूद टीम ने सावधानीपूर्वक घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू के उपरांत टीम द्वारा मौके पर ही प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया तथा तत्पश्चात बेहतर चिकित्सीय सुविधा हेतु एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया गया। घायल व्यक्ति की पहचान तुलसी राम गहलोत (65 वर्ष), निवासी मध्य प्रदेश के रूप में हुई। SDRF टीम की त्वरित कार्रवाई, साहस और समर्पण के चलते एक कीमती जीवन को सुरक्षित बचाया जा सका।