पिथौरागढ़।
निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश
मेडिकल कॉलेज निर्माण में लापरवाही पर डीएम सख्त, डिजाइन खामियों पर लगाई फटकार
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आज निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता के सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के विभिन्न खंडों, निर्माणाधीन कक्षाओं एवं परिसर की सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर पूर्ण किए जाएं, ताकि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप इसी शैक्षणिक सत्र से कक्षाएं प्रारंभ की जा सकें। इस हेतु क्लासरूम, एप्रोच रोड एवं सुरक्षा कार्यों (जैसे रिटेनिंग वॉल) को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान भवन में डिजाइन संबंधी खामियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित इंजीनियरों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि डिजाइन में लापरवाही के कारण खिड़कियों और सीलिंग के स्तर में असंतुलन है, जिससे भविष्य में वेंटिलेशन एवं उपयोगिता प्रभावित हो सकती है।
तकनीकी अधिकारियों की साइट पर अनुपस्थिति पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और निर्देशित किया कि अभियंता नियमित रूप से स्थल का निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी तकनीकी एवं डिजाइन संबंधी त्रुटियों को तत्काल दुरुस्त करने तथा निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
