पिथौरागढ़ |
आगामी 08 मई को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वागत व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, विभागीय अधिकारी तथा संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस विभाग को यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रभावी प्लान तैयार करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस, चिकित्सकीय टीम एवं आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का स्थलीय सत्यापन करने तथा कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का जनपद भ्रमण अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाना सुनिश्चित करें।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री जी के मुख्य कार्यक्रम स्थल लक्ष्मण सिंह महर कैंपस में भी तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। प्रशासन द्वारा मंच व्यवस्था, वीआईपी बैठक व्यवस्था, सुरक्षा घेरा, मीडिया गैलरी, पार्किंग स्थल, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं साफ-सफाई संबंधी कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं ताकि मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम का सफल एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हो सके।