पिथौरागढ़ |

जनसुनवाई में उठीं सड़क, पेयजल, विद्युत, पेंशन, राजस्व एवं विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं; अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

पिथौरागढ़, 25 मई 2026।
प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जनसुनवाई दिवस के अंतर्गत आज जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने जिला कार्यालय सभागार में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ सुना। जनसुनवाई में जिले के दूरस्थ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, विद्युत, राजस्व, वन, पेंशन, रोजगार, सुरक्षा तथा विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जनसुनवाई के दौरान लगभग 60 से अधिक प्रकरण प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही एवं शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई में अनुसूचित जाति परिवारों के पारस्परिक मार्ग अवरुद्ध होने, पारिवारिक पेंशन स्वीकृति, ध्वनि प्रदूषण, तथा ग्रामीण मार्ग निर्माण संबंधी प्रकरण प्रमुखता से सामने आए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्रकरणों का स्थलीय परीक्षण कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों से सड़क निर्माण, मोटर मार्ग डामरीकरण, सड़क चौड़ीकरण, पुल निर्माण, सिंचाई नहर संचालन, पेयजल योजनाओं की सुचारु व्यवस्था, विद्यालय भवनों की मरम्मत, विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति, मोबाइल टॉवर स्थापना, खेल मैदान निर्माण एवं पोल लाइट लगाए जाने संबंधी मांगें भी जनसुनवाई में उठाई गईं।

जिलाधिकारी ने विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

जनसुनवाई में अवैध वृक्ष कटान की जांच, राशन कार्ड सत्यापन तिथि बढ़ाने, निराश्रित गोवंश संरक्षण, आय प्रमाण पत्र निर्गत करने, खाद्यान्न आपूर्ति, किरायेदारी विवाद, भू-संबंधी शिकायतें, एफआईआर दर्ज कराने, वन पंचायतों को उपकरण उपलब्ध कराने तथा भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कार्यों से संबंधित प्रकरण भी प्राप्त हुए।

इसी क्रम में कृष्णापुरी टनकपुर रोड क्षेत्र के निवासियों द्वारा नाली क्षतिग्रस्त होने, कई स्थानों पर नाली खुली होने, लंबे समय से सफाई न होने के कारण दुर्गंध फैलने तथा पेयजल आपूर्ति बाधित रहने की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष रखी गई। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि नगर निगम को कई बार अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सहायक नगर आयुक्त को तत्काल मौके का निरीक्षण कर नाली की सफाई एवं मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने तथा संबंधित विभाग के माध्यम से पेयजल व्यवस्था सुचारु कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को कार्यवाही की प्रगति से नियमित रूप से अवगत भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन जनता के प्रति पूर्णतः जवाबदेह है तथा प्रत्येक शिकायत का समाधान प्राथमिकता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित किया जाएगा।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेन्द्र वर्मा, उप प्रभागीय वनाधिकारी राजकुमार, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी के साथ ही तमाम विभागीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।