चंपावत – लोहाघाट घाट राष्ट्रीय राजमार्ग में आज शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे के लगभग हल्द्वानी से जौरासी (पिथौरागढ़) की ओर जा रही कार बंतोली के पास अनियंत्रित होकर 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।दुर्घटना में जहां दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है तो एक महिला सहित दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

सूचना पर अपर जिला अधिकारी चंपावत केएन गोस्वामी व एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर, पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थानीय युवाओं के साथ मिलकर कठिन रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

हादसा इतना भीषण था कि कार में आग लग गई जिसमें वाहन स्वामी सीआरपीएफ के जवान बलदेव कुमार और वाहन चला रहे राजेंद्र कुमार भी दुर्घटना में मारे गए।

महिला व दो बच्चे वाहन से बाहर छिटक गए जिस कारण उनकी जान बच गई। एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर ने बताया दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस व फायर टीम व एसडीआरएफ मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को निकाल कर 108 के माध्यम से लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

जहां उनका उपचार चल रहा है उन्होंने बताया गंभीर रूप से घायलों के लिए डीएम चंपावत के निर्देश पर एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की जा रही है। दुर्घटना में बलदेव कुमार और राजेंद्र कुमार की मौके पर मौत हो गई है तो वही बलदेव कुमार की पत्नी नीतू व दो बच्चे आरव व अक्षिता गंभीर रूप से घायल हो गए लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विराज राठी ने बताया तीनों घायलों का उपचार किया गया।