पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में कांग्रेस के परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में पार्टी की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। सम्मेलन में सबसे पहले संबोधन के लिए आमंत्रित की गई महिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना नगरकोटी के भाषण से विधायक मयूख महर नाराज होकर बाहर निकल गए। सभागार में मयूख महर मुर्दाबाद के नारे लगे। इस दौरान माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया।

दरअसल महिला मोर्चा अध्यक्ष नगरकोटी ने नगर निगम चुनावों में टिकट न मिलने और पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवार के बजाय निर्दलीय के समर्थन को लेकर विधायक पर तंज कसे। इससे माहौल गरमा गया। मंच छोड़कर बाहर निकले विधायक मयूख महर ने कहा कि जिस वक्ता को मंच से बोलने का मौका दिया गया था वह राजनीतिक खुन्नस निकाल रहीं थी। उन्हें अपमानित किया जा रहा था और उनके लिए वहां पर रुकना ठीक नहीं था। इस मामले में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को संयम रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं विधायक महर से बात करेंगे।

इस पूरे मामले को प्रदेश नेतृत्व ने गंभीरता से लेते हुए महिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना नगरकोटी, वरिष्ठ नेता महेंद्र लुंठी और दीपक लुंठी को घोर अनुशासनहीनता का नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। साथ ही उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रे की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने अनुशासनहीनता पर जिला महिला कांग्रेस की पिथौरागढ़ कार्यकारिणी को भंग कर दिया है।

You missed