92वीं बटालियन BSF के अमर शहीद नारायण सिंह बिष्ट की 29वीं पुण्यतिथि पर पैतृक गांव रावलगाँव में भव्य लोकार्पण
पिथौरागढ़। देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले 92वीं बटालियन BSF के अमर शहीद नारायण सिंह बिष्ट की पुण्य स्मृति में उनके पैतृक गांव रावलगाँव में निर्मित भव्य शहीद द्वार का लोकार्पण गरिमामय समारोह के बीच किया गया। शहीद की शहादत को आज 29 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति, गौरव और भावनाओं से भर दिया।
विधायक निधि से निर्मित इस शहीद द्वार का लोकार्पण विधायक मयूख महर द्वारा किया गया। पिथौरागढ़ जनपद में किसी अर्धसैनिक बल के शहीद जवान की स्मृति में निर्मित यह पहला शहीद द्वार है। यह केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए अमर शहीद नारायण सिंह बिष्ट के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान की जीवंत स्मृति बनकर खड़ा रहेगा।
लोकार्पण समारोह में पूर्व सैनिक संगठन, अर्धसैनिक बलों के प्रतिनिधि, शहीद परिवार, ग्रामवासी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर अमर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। अर्धसैनिक बलों की ओर से डिप्टी कमांडेंट लक्ष्मण सिंह मेहता ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
पूर्व सैनिक संगठन की ओर से सु आनंद सिंह बिष्ट के माध्यम से पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीद को नमन किया गया। संगठन के उपाध्यक्ष रमेश सिंह महर ने कहा कि पूर्व सैनिक संगठन प्रत्येक वर्ष शहीद नारायण सिंह बिष्ट की पुण्यतिथि को इसी स्थान पर गरिमापूर्ण ढंग से मनाएगा तथा शहीद परिवार को हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
कार्यक्रम में शहीद की वीरांगना श्रीमती मंजू बिष्ट ने उपस्थित सभी अतिथियों, पूर्व सैनिकों, अर्धसैनिक बलों के प्रतिनिधियों, ग्रामवासियों एवं क्षेत्रीय जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया। यह भी गौरव की बात है कि शहीद नारायण सिंह बिष्ट के पुत्र भरत सिंह बिष्ट वर्तमान में BSF में सेवारत होकर राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं, जिससे परिवार की देशसेवा और बलिदान की गौरवशाली परंपरा आज भी निरंतर आगे बढ़ रही है।
इस अवसर पर कैप्टन जोगा सिंह, गोविंद सिंह, भूपेंद्र बोहरा, किशन सिंह, बलवंत सिंह, घनश्याम जोशी,कमान सिंह राजेंद्र कार्की,महा देव गिरी,सूबेदार मेजर भूपेंद्र रावल सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, अर्धसैनिक बलों के जवान, ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जय हिंद
