पिथौरागढ़।

पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जुड़े, नोटिसों का संवेदनशीलता से करें निस्तारण: अपर आयुक्त।

अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल जीवन सिंह नगन्याल ने मंगलवार को पिथौरागढ़ पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जनपद के विभिन्न बूथों का स्थलीय निरीक्षण कर दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई की स्थिति का जायजा लिया तथा मतदाताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई के संबंध में जानकारी लेते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि प्राप्त नोटिसों का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए।

इसके उपरांत अपर आयुक्त ने कलेक्ट्रेट में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर से संबंधित सभी कार्यों में पारदर्शिता, शुद्धता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार निस्तारण किया जाए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसलिए पुनरीक्षण प्रक्रिया में यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न छूटे तथा अपात्र नामों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुनवाई के दौरान आमजन की बात को गंभीरता से सुना जाए और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के आधार पर मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं।

अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी योगेंद्र सिंह ने अपर आयुक्त को जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अब तक हुई प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में जनपद की सभी विधानसभाओं को मिलाकर कुल 3,41,497 मतदाता हैं। इनमें 1,74,190 पुरुष, 1,67,304 महिला तथा 3 अन्य वर्ग के मतदाता शामिल हैं। ड्राफ्ट मतदाता सूची से पूर्व 368933 मतदाता सभी विधानसभाओं में थे।

एसआईआर के दौरान जनपद में कुल 89,074 विसंगतियां सामने आई हैं। इनसे संबंधित सभी मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं तथा नोटिसों पर सुनवाई की प्रक्रिया वर्तमान में गतिमान है। जारी नोटिसों में से 30 प्रतिशत से अधिक का निस्तारण किया जा चुका है।

पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जनपद में पोलिंग बूथों की संख्या 611 से बढ़कर 651 हो गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बूथवार प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए सभी लंबित कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं।

बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के उपरांत अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

बैठक में उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद शरीफ सहित जिला निर्वाचन कार्यालय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।