प्रेस नोट

पिथौरागढ़,।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष भटगांई ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड द्वारा जारी अधिसूचना के क्रम में जनपद पिथौरागढ़ की त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों/स्थानों पर उप निर्वाचन कराया जाना है। यह उपचुनाव 2 ग्राम प्रधानों एवं 285 सदस्य ग्राम पंचायत के पदों पर संपन्न किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड डीडीहाट की ग्राम पंचायत खेतार कन्याल तथा विकासखंड मुनस्यारी की ग्राम पंचायत रिंगौनिया में प्रधान पदों का चुनाव सम्पन्न कराया जाएगा।

विकासखंड बिण के 49, मुनकोट के 41, कनालीछीना के 36, डीडीहाट के 22, धारचूला के 11, मुनस्यारी के 47, बेरीनाग के 28 तथा गंगोलीहाट के 51 पद सदस्य ग्राम पंचायत के रिक्त हैं। इन सभी पदों पर निर्धारित समयावधि के भीतर चुनाव सम्पन्न कराए जाएंगे। इस दौरान (26 सितंबर 2026 से 14 अक्तूबर 2026 (मतगणना समाप्ति तक) तक आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी।

उप निर्वाचन प्रक्रिया के दृष्टिगत संबंधित ग्राम पंचायतों एवं क्षेत्र पंचायतों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिन ग्राम पंचायतों/क्षेत्र पंचायतों में सदस्य ग्राम पंचायत, ग्राम प्रधान एवं सदस्य क्षेत्र पंचायत के रिक्त पदों पर उप निर्वाचन कराया जा रहा है, उन निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना समाप्त होने तक आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने संबंधित अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सभी प्रत्याशियों, राजनीतिक दलों एवं संबंधित पक्षों द्वारा आदर्श आचार संहिता का पालन किया जाना अनिवार्य होगा।