पिथौरागढ़
पेंशनर्स को विभिन्न सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सदर कोषागार पिथौरागढ़ में मुख्य कोषाधिकारी दीपक जोशी की अध्यक्षता में पेंशनर्स जागरूकता अभियान के तहत जागरूकता एवं समस्या समाधान शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में पेंशनर्स को जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate) जमा करने की प्रक्रिया, राज्य सरकार स्वास्थ्य योजना (SGHS) तथा पेंशन से संबंधित विभिन्न प्रकरणों एवं समस्याओं के समाधान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों एवं सुविधाओं के प्रति भी पेंशनर्स को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर इंडियन पोस्ट पेमेंट्स बैंक के प्रतिनिधियों द्वारा बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पेंशनर्स को इन सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
मुख्य कोषाधिकारी दीपक जोशी ने कहा कि पेंशनर्स की सुविधा एवं उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण विभाग की प्राथमिकता है। इस प्रकार के जागरूकता शिविरों के माध्यम से पेंशनर्स को विभिन्न सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सुविधाओं एवं डिजिटल सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।