बागेश्वर। बागेश्वर जिले के गरूड़ के एक गांव में एक मां ने 11 माह की बच्ची के साथ स्वयं भी जहर खा लिया। बच्ची की मौत हो गई जबकि महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है। महिला ने आत्महत्या का कदम क्यों उठाया बैजनाथ थाना पुलिस इसके कारणों की जानकारी जुटा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार महिला का पति दिल्ली में प्राइवेट जॉब करता है। महिला पिछले कुछ माह से अपनी ग्यारह माह की बच्ची के साथ ससुराल से अलग रह रही थी। रविवार दोपहर बाद उसने स्वयं जहर खाने के साथ ही अपनी ग्यारह महीने की बच्ची को भी जहर पिला दिया। कुछ ही देर में दोनों की हालत बिगड़ गई। जिसके बाद आसपास के लोग उन्हें बैजनाथ अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। महिला का उपचार चल रहा है। बैजनाथ थाने के एसओ कैलाश बिष्ट ने बताया कि बच्ची के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मां की हालत में सुधार आने के बाद ही उसका बयान लिया जाएगा। उसके बाद ही इस मामले का पता चल पाएगा।