धारचूला। धारचूला नगर के वरिष्ठ समाजसेवी व शिवरात्रि मेला कमेटी के अध्यक्ष दीवान सिंह पतियाल का पांगू में शनिवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया है। वे 72वर्ष के थे। उनके निधन से क्षेत्रवासियों में शोक की लहर है।

शिवरात्रि मेला कमेटी के उपाध्यक्ष वीरेंद्र नबियाल ने बताया कि दीवान सिंह पतियाल मेला कमेटी के 18 साल से महासचिव थे। पिछले चार साल से वह अध्यक्ष पद पर थे। उन्होंने शिवरात्रि मेले के माध्यम से सभी समुदायों को एकजुट करने का कार्य किया। पतियाल के निधन पर रं कल्याण संस्था के अध्यक्ष दीपक रौंकली, दारमा दिलिंग सेवा समिति महासचिव दिनेश चलाल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने शोक जताया। विधायक हरीश धामी ने पतियाल के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. पतियाल कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता थे। उन्होंने हमेशा ही कांग्रेस को मजबूत करने का कार्य किया। उनके निधन से पार्टी को क्षति पहुंची है।