धारचूला(पिथौरागढ़)। धारचूला के अंतर्राष्ट्रीय झूला पुल के खुलने के समय में दो घंटे की बढ़ोत्तरी कर दी है। पुल 15 मार्च से सुबह 7 बजे से शाम 7  बजे तक खुलेगा। पुल खुलने का समय बढ़ाने के लिए व्यापार संघ और स्थानीय लोगों ने जिला और तहसील प्रशासन का आभार जताया है।

भारत-नेपाल को जोड़ने वाले धारचूला पुल को कोरोना काल के बाद सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक ही खोला जा रहा था। जबकि पहले पुल सुबह सात से शाम सात बजे तक खुलता था। दो घंटे पहले गेट बंद होने से दोनों देशों के लोगों को दिक्कतें होती थीं। तमाम कार्यों के लिए एक-दूसरे देशों में आवाजाही करने वाले लोगों को वापस लौटने के लिए पांच बजे तक पुल पर पहुंचना पड़ता था। जल्दी पुल के बंद होने से व्यापार भी प्रभावित हो रहा था। इस समस्या को देखते हुए सोमवार को धारचूला आए जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान के समक्ष व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा ने मामले को उठाया था। इस पर डीएम ने एसडीएम एके शुक्ला को इस संबंध में उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे। तहसील प्रशासन द्वारा बातचीत के बाद पुल खुलने का समय शाम पांच से बढ़ाकर सात बजे तक कर दिया है। मंगलवार से धारचूला का पुल शाम सात बजे बंद होगा। व्यापार संघ ने प्रशासन का आभार जताया है।