धारचूला( पिथौरागढ़)। विधायक हरीश धामी के कांग्रेस पार्टी को छोड़ने की खबरों के बीच धारचूला विधानसभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का इस्तीफा देने का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को एसटी मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमा कुटियाल, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मी रायपा, उपाध्यक्ष दीपा रावत, नगर अध्यक्ष अंजू रोंकली के नेतृत्व में दर्जनों महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस हाईकमान पर विधायक हरीश धामी की अनदेखी का आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी धारचूला विधानसभा में कांग्रेस का परचम लहराने वाले विधायक धामी की कांग्रेस हाईकमान द्वारा लगातार उपेक्षा की जाती रही है। कहा कि विधायक धामी जो भी निर्णय लेंगे सभी कार्यकर्ता समर्थन करेंगे और उनके साथ खड़े रहेंगे। इस्तीफा देने वालों में सरोज खैर, राखी रोंकली, आनंदी कुटियाल, पुष्पा कुटियाल, ममता कुटियाल, कविता दानू सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हैं। मंगलवार को धारचूला में कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष नारायण सिंह दरियाल, गोरीछाल ब्लाक अध्यक्ष सुंदर सिंह, यूथ कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष उमेश धामी सहित 25 कार्यकर्ताओं ने अपने इस्तीफे पार्टी जिलाध्यक्ष को सौंपे थे। मुनस्यारी में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य हीरा सिंह चिराल, नगर अध्यक्ष बरम नरेंद्र परिहार, महासचिव भूपेंद्र परिहार, नगर अध्यक्ष बंगापानी अनिल राज, कोषाध्यक्ष गौरव मेहरा, मीडिया प्रभारी गोविंद सिंह, उपाध्यक्ष शैलेश पाल, सचिव दरपान सिंह सहित 30 से अधिक कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष को इस्तीफा भेजा था।