पिथौरागढ़। जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान ने केएनयू राइका पिथौरागढ़ में नव निर्मित जिला पुस्तकालय, गांधी चौक पर स्थित महिला चिकित्सालय एवं नगर पालिका की ओर से बनाये गये एबीसी-बेस सेन्टर का स्थलीय निरीक्षण किया तथा सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संख्या ग्रामीण निर्माण विभाग के एई नीरज ओली को पुस्तकालय को दो दिन के भीतर शिक्षा विभाग को हेण्ड ओवर करने के निदेश दिये । वहीं उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकरिया को निर्देश दिये कि आगामी 10 जून तक पुस्तकालय हेतु फर्नीचर आदि का क्रय कर पुस्तकालय संचालन आरम्भ कर दिया जाय। इसके बाद जिलाधिकारी ने गांधी चौक स्थित महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला चिकित्सालय परिसर में प्रस्तावित 50 बैड के महिला चिकित्सालय के नये भवन निर्माण कार्य को लेकर निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग के एई नीरज ओली को 2 दिन के भीतर चिकित्सालय भवन निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिये। इस दौरान जिलाधिकारी ने एई नीरज ओली को गांधी चौक पर स्थित नेहरू पार्क में पार्किंग एवं कॉम्पलेक्स निर्माण हेतु भी स्टीमेट बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नेहरू पार्क को स्टाईलिश पार्क बनाया जाय | इसमें दो फ्लोर में पार्किग एवं दो फ्लोर में कॉम्पलेक्स तथा एक फ्लोर में पार्क बनाया जाय। इसके बाद जिलाधिकारी ने एबीसी बेस सेन्टर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ईओ नगर पालिका पिथौरागढ़ दीपक गोस्वामी से सेन्टर के संचालन हेतु टेण्डर को लेकर जानकारी ली। जिस पर ईओ ने बताया कि सेन्टर के संचालन हेतु टेडर प्रक्रिया कर ली गयी है। आगामी 7 जून को टेण्डर खोल दिया जायेगा। जिलाधिकारी ने ईओ नगर पालिका को निर्देश दिये कि कुत्तों के बन्ध्याकरण हेतु उपकरण आदि आगामी 10 जून तक क्रय कर लिये जाये तथा सेन्टर में पेयजल, विद्युत आदि की समुचित व्यवस्था भी दुरुस्त करवा ली जाये।