देहरादून। उत्तराखंड के श्रीनगर में तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को रौंद दिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गयी जबकि एक मासूम सहित दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार एजेंसी मोहल्ले के पास एक तेज रफ्तार कार (JK19A 0897 XUV) ने तीन लोगों को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां हादसे में एक महिला की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गयी। मृतक की पहचान पिंकी नेगी (32 वर्ष) पत्नी कमल सिंह, निवासी सोरोखाल जिला रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान हेमा (25 वर्ष) पुत्री पूरन सिंह कंडारी, निवासी घसिया महादेव, श्रीनगर और अदिति (11 वर्ष) पुत्री कमल सिंह नेगी, निवासी सोरोखाल रुदप्रयाग के रूप में हुई है। दोनों घायलों का उपचार बेस अस्पताल श्रीकोट में चल रहा है। वहीं पुलिस ने वाहन चालक प्रदीप सिंह निवासी श्रीकोट को हिरासत में ले लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।