मुनस्यारी। जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने आज राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। केन्द्र में भर्ती मरीजों का हाल चाल जाना और मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा दिए जाने के लिए समुचित प्रबंध करने को कहा।
जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया शनिवार की सुबह अचानक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव कुमार की उपस्थिति में जिपंस मर्तोलिया ने उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजिका में अवकाश तथा न्यायालय के कार्यों से बाहर गए चिकित्सकों के अवकाश का विवरण दर्ज नहीं था, जिसे दर्ज़ कराया गया।
भविष्य में अवकाश का विवरण नियमित रूप से दर्ज करने के लिए कहा। नाइट में आपातकालीन डियूटी में रहने वाले चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए विश्राम कक्ष बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों को देखा। अस्पताल में तैनात डां राशिद से मरीजों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने भर्ती मरीजों के परिजनों से अस्पताल में चल रहे उपचार पर आ रही दिक्कतों की जानकारी भी ली।
अस्पताल में औषधि भण्डारण की स्थिति की जानकारी भी ली।
आपदाकाल में अतिरिक्त दवाइयां मंगाने के लिए तत्काल मांग पत्र भेजने को कहा।
मर्तोलिया ने कहा कि अस्पताल में मरीजों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए व्यवस्थाएं चुस्त दुरुस्त किया जाय। मर्तोलिया ने कहा कि आम मरीजों को यहां अस्पताल में उपलब्ध सुविधाएं दिए जाने में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने को कहा गया।


जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने 60 साल से ऊपर के लोगों के लिए बुस्टर उपलब्ध नहीं होने पर नाराज़गी जताई। कहा कि यह गंभीर लापरवाही है।
मर्तोलिया ने कहा कि स्वास्थ्य महकमा इस अव्यवस्था को तत्काल प्रभाव से दूर करें।